भास्कर न्यूज | सरायकेला मारवाड़ी युवा मंच सरायकेला शाखा के तत्वावधान सरायकेला के अग्रसेन ठाकुरबाड़ी भवन मारवाड़ी धर्मशाला में आयोजित की जा रही तीन दिवसीय सेवा शिविर का रविवार को समापन हुआ। समापन दिवस पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मारवाड़ी युवा मंच सदैव समाज सेवा में अग्रणी रहा है। अब यह मंच उद्यमिता और छात्रवृत्ति योजनाओं पर भी कार्य करें, जिससे युवा आत्मनिर्भर बने। उन्होंने मंच को आस्वस्त किया कि राज्य या केंद्र स्तर पर किसी भी प्रकार की सहायता के लिए मंच उनसे सीधे संपर्क कर सकता है। इस दौरान कार्यक्रम में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार और सिविल सर्जन डॉ अजय कुमार सिन्हा ने भी उपस्थित होकर मंच द्वारा किए जा रहे सेवा भाव के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मारवाड़ी युवा मंच सरायकेला शाखा के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने कहा कि जरूरतमंद को नया जीवन देना मंच का परम उद्देश्य है। सचिव आशुतोष चौधरी ने कहा कि इस प्रकार का शिविर मंच द्वारा हर वर्ष और भी व्यापक रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समापन दिवस तक 50 दिव्यांग जनों को कृत्रिम पैर एवं हाथ का वितरण किया गया है। इसके अलावा 11 हियरिंग ऐड्स और 5 बैसाखियों का वितरण किया गया है। सेवा महाशिविर में स्वैच्छिक रक्तदान के तहत 30 यूनिट रक्त का संग्रह ब्लड बैंक सरायकेला द्वारा किया गया है। और 51 दिव्यांगजनों की कृत्रिम अंग के लिए माप लिए गए हैं। सेवा महाशिविर में अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय सहायक मंत्री हर्ष सुल्तानिया, पूर्व अध्यक्ष संजय कुमार चौधरी, कृत्रिम अंग वितरण योजना के राज्य संयोजक आकाश अग्रवाल, प्रदीप चौधरी, सत्यनारायण अग्रवाल, सुनील सेक्सरिया, पूनम चंद्र अग्रवाल, रमेश सेक्सरिया एवं मनोज कुमार चौधरी का मार्गदर्शन प्रेरणादायक रहा। सेवा महाशिविर के सफल संचालन में अभिषेक सेक्सरिया, नीतीश चौधरी, राहुल अग्रवाल, अनमोल सेक्सरिया, शुभम अग्रवाल, केशव लोहरीवाल, साकेत सेक्सरिया, अनूप सेक्सरिया एवं हरीश चौधरी सहित अन्य सभी सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।


