माल मंडी के फ्लैट्स में पावरकॉम का छापा 7 को 3 लाख जुर्माना, 30 किलो तारें जब्त

भास्कर न्यूज | अमृतसर माल मंडी में ट्रस्ट के फ्लैट्स में अवैध रूप से रह रहे लोग बड़े स्तर पर बिजली चोरी कर रहे हैं। वीरवार को फ्लैट्स में पावरकॉम ने छापेमारी की और बिजली चोरी करने वालों के ​खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने कुंडी लगाकर बिजली चोरी करने वालों के कनेक्शन भी काटे। सुबह करीब 10:30 बजे एसडीओ सुल्तानविंड इंजीनियर रजवंत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कई लोग सीधे ट्रांसफार्मर से कुंडी लगाकर बिजली चोरी कर रहे थे। जैसे ही लोगों को पावरकॉम की टीम के आने की भनक लगी तो कुछ ने कुंडी उतारना शुरू कर दिया।कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 30 किलो तारें जब्त कीं। कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाओं ने टीम के साथ बहसबाजी भी की, जिसकी लिखित शिकायत जेई ने पुलिस को दे दी है। बिजली चोरी करने के आरोप में पावरकॉम ने 7 लोगों पर कुल 3 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। गौर हो कि पावरकॉम की टीमें हर 15-20 दिन में यहां चेकिंग करती हैं लेकिन मीटर न होने के कारण लोग घरों को ताले लगाकर बाहर चले जाते हैं। ऐसी स्थिति में टीम केवल तारें काटकर ही लौट पाती है। चेकिंग अभियान में जेई मनजिंदर सिंह, बचित्र सिंह, ओंकार सिंह, सतनाम सिंह, दिलबाग सिंह समेत करीब 20 कर्मचारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *