लुधियाना| होजरी कारोबारी से लाखों रुपए का माल लेकर भुगतान न करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना जोधेवाल पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ अमानत में खयानत की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता निशांत अग्रवाल, निवासी गुरु विहार, राहों रोड ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2025 के दौरान आरोपी वनीत, निवासी न्यू हरगोविंद नगर (फर्म-नैक्सस) ने उससे 14 लाख 25 हजार 176 रुपए का होजरी माल खरीदा था। वहीं दूसरे आरोपी सुमित, निवासी चंद्र नगर ने उससे 43 लाख 38 हजार 8 रुपए का माल लिया। पीड़ित के अनुसार, दोनों आरोपियों ने माल लेते समय तय समय पर भुगतान करने का भरोसा दिया था, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो रकम लौटाई गई और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया गया। कई बार संपर्क करने के बावजूद आरोपी टालमटोल करते रहे। मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना जोधेवाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।


