मिथाइल से भरे टैंकर और ट्रक में टक्कर:गोयली चौराहे पर टैंकर के ब्रेक फेल, बड़ा हादसा टला; ड्राइवर ने भागकर बचाई जान

गोयली चौराहे पर शनिवार रात करीब 10:45 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। कांडला से मिथाइल भरकर अजमेर जा रहा टैंकर और जावाल की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टैंकर का खलासी साइड का हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया। हादसे में टैंकर के ब्रेक फेल हो गए और वह बेकाबू होकर गलत दिशा में बढ़ने लगा। हालांकि, टैंकर में भरे मिथाइल के भारी दबाव के कारण वह कुछ दूर जाकर रुक गया। सौभाग्य से टैंकर से मिथाइल लीक नहीं हुआ, वरना स्थिति बहुत गंभीर हो सकती थी। टैंकर चालक ने किसी तरह अपनी जान बचाई और मौके से फरार हो गया। आसपास के होटल मालिकों ने जयपुर की पिछली घटना को याद करते हुए तुरंत गैस सिलेंडर बंद कर दिए और दुकानों के शटर गिरा दिए। व्यापार मंडल गोयली चौराहा के अध्यक्ष प्रकाश बी माली के अनुसार, यह चौराहा जिला प्रशासन की नजर में ब्लैक स्पॉट है। यहां न तो स्पीड ब्रेकर है और न ही वाहनों की रफ्तार रोकने का कोई अन्य उपाय। हादसे के समय चौराहे पर कोई अन्य वाहन नहीं था, वरना यह दुर्घटना और भी भयावह हो सकती थी। वहीं, घटना की सूचना देने के लिए सिरोही पुलिस थाने में फोन किया गया, लेकिन फोन आउट ऑफ ऑर्डर आता रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *