खंडवा में गुरूवार देर रात आदिवासी समाज के एक बड़े किसान के साथ लूट की वारदात होने की घटना सामने आई थी। किसान ने आंखों में मिर्च झोंककर बाइक सवार 2 से 3 अज्ञात बदमाशों पर डेढ़ लाख रूपए लूटने का आरोप लगाया था। बताया था कि मक्का की फसल बेचकर मंडी से घर लौट रहा था। घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसके साथ वारदात हो गई। इधर, मामले में बोरगांव चौकी पुलिस ने जांच शुरू की तो सुबह होने तक कहानी फर्जी निकल गई। देर रात 10 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल को देखकर पुलिस को संदेह हुआ और किसान से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की तो वह टूट गया। लूट की कहानी गढ़ने के पीछे कर्ज की वजह बताई। उसने कहा कि, कर्ज के बारे में परिवार को जानकारी नहीं है। लूट बताकर वह कर्ज चुकता कर देता। 5 भाईयों की ज्वाइंट फैमिली और 6 लाख का कर्ज किसान टंट्या पिता काशीराम बारेला ने बताया कि, वह 5 भाईयों के साथ संयुक्त परिवार में रहता हैं। एक भाई तो आर्मी है। घर-परिवार में कोई समस्या नहीं है। लेकिन पूरा दारोमदार उसी पर है। खेती-किसानी में उस पर 6 लाख रूपए का कर्जा हो गया। 4 लाख रूपए का बैंक से केसीसी लोन है, बाकी दो लाख रूपए उसने सूदखोरों से लिए हैं। फसल बेचकर उन्हें कर्जा चुकाना था। सूदखोरों से कर्ज लिया, यह बात परिवार को पता ना चले इसलिए उसने यह दूसरा तरीका अजमाया। सुसाइड का ख्याल आया, रेलवे पटरी पर चले गया था पुलिस पूछताछ के दौरान किसान टंट्या बारेला ने कहा कि, भारी-भरकम कर्ज और खासकर, वह उन सूदखोरों से परेशान हो गया, जो रात-दिन उसे तंग कर रहे थे। ब्याज पर ब्याज लगाकर कर्ज दोगुना करते जा रहे थे। इस साल फसल का उत्पादन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं हुआ। जिसके चलते उसे सुसाइड के ख्याल आए, उसकी मंशा सुसाइड करने की थी। इसके लिए वह रेलवे ट्रैक पर भी गया। लेकिन परिवार का ख्याल आया तो रेलवे ट्रैक से उतरा और घर की रसोई के लिए बाजार से लेकर जा रही मिर्ची को खुद पर उड़ेल लिया। दोस्तों को फोन कर घटना बताई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस को 8 घंटे तक परेशान होना पड़ गया बोरगांव चौकी प्रभारी रामप्रकाश यादव ने बताया कि, किसान टंट्या से लूट की वारदात होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो घटनास्थल देखकर ही संदेह हुआ। शंका होने पर किसान को चौकी लाकर पूछताछ की। पुलिस टीम को 8 घंटे तक मशक्कत करना पड़ी। कई गांवों के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए। किसान ने लूट की कहानी गढ़ने के पीछे कर्ज की बात बताई। फिलहाल किसान को उसके रिश्तेदारों के सुपुर्द कर दिया है। इस मामले से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… खंडवा में देर रात किसान से डेढ़ लाख की लूट खंडवा में चार महीने की कड़ी मेहनत से उगाई फसल बेचकर लौट रहे एक किसान के साथ लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। ग्राम कोहदड़ की रेलवे मोरी के पास बदमाशों ने किसान की आंखों में मिर्च डालकर उससे एक लाख 50 हजार रुपए लूट लिए। घटना के बाद किसान की आंखें अब तक नहीं खुल पा रही हैं। पूरी खबर पढ़ें…


