भास्कर न्यूज |लुधियाना मुंडिया कला इलाके में एक 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध हालात में फंदा लगने से मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान भावना (27), निवासी न्यू गुरु नानक नगर, जमालपुर के रूप में हुई है। मृतका की मां पुष्पलता ने बताया कि भावना का विवाह मार्च 2025 में हुआ था। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और झगड़े होते रहते थे। पुष्पलता के मुताबिक, सोमवार को भावना के ससुर राधेश्याम ने फोन कर बताया कि भावना को हार्ट अटैक आया है। उस समय पुष्पलता हरियाणा में थीं। सूचना मिलते ही वह लुधियाना पहुंचीं, जहां उन्हें पता चला कि उनकी बेटी की मौत फंदा लगाने से हुई है। इस पर परिजनों ने भावना के पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाना जमालपुर में शिकायत दी। देर रात करीब 10 बजे तक पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। जांच अधिकारी रोहित बावा ने बताया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।


