भास्कर न्यूज |लुधियाना संजय गांधी कॉलोनी में रविवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने एक घर पर हमला करने की नीयत से बाहर खड़े जुगाड़ू वाहन को आग के हवाले कर दिया। वारदात रात करीब 1:30 बजे की है। घर के बाहर आग लगते देख इलाके के लोग मौके पर इक्कट्ठे हुए और आग पर काबू पाया। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। बदमाशों के हाथों में धारदार हथियार भी थे। पहले उन्होंने जुगाड़ू रेहड़ा पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। इसके बाद जलते हुए वाहन पर धारदार हथियारों से वार किए। पीड़ित केसरिया वासी संजय गांधी कॉलोनी ने बताया कि वारदात के समय वह अपने परिवार के साथ घर के अंदर ही मौजूद थे। देर रात बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आए और घर के दरवाजे पर किरपान और दात से हमला कर फरार हो गए। कुछ समय बाद आरोपी दोबारा लौटे। इस बार उनके हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल थी। उन्होंने पहले घर के दरवाजे पर पेट्रोल फेंका और फिर बाहर खड़े जुगाड़ू वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसके बाद जलते हुए वाहन पर तलवारों से वार करते हुए ललकारने लगे। रात के समय एक महिला शोर सुनकर उठी तो उसने देखा कि कुछ बाइक सवार थोड़ी दूरी पर खड़े थे, जबकि दो बदमाश वारदात को अंजाम दे रहे थे। आग लगाकर बदमाशों के फरार होते ही महिला ने शोर मचाया। इसके बाद आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकले और आग बुझाई। केसरिया ने बताया कि उन्होंने मामले की सूचना सोमवार सुबह थाना डिवीजन-7 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस कर्मी मलकीत सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर शिकायत दर्ज कर ली है।


