मुख्यमंत्री ने 8 नए साइबर थानों का वर्चुअल लोकार्पण किया:चार जिलों में भारत रक्षित वाहिनी भी तैयार, साय बोले- पुलिसकर्मियों को सकारात्मक माहौल मिलेगा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर से वर्चुअली जुड़कर 8 नए साइबर थाने, पुलिस आवासीय भवन और नए थाना भवनों का लोकार्पण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों और जनता को इस काम के लिए शुभकामनाएं दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 255 करोड़ रुपए के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया है। साइबर थाना, एसडीओपी कार्यालय, चौकी भवन, ट्रांजिट हॉस्टल और आवासीय भवन सुंदर और सुविधाजनक बनाए गए हैं। इन नए भवनों से पुलिसकर्मियों को सकारात्मक माहौल मिलेगा और वे अपने काम को और बेहतर ढंग से कर पाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का मकसद है कि पुलिस और कर्मचारियों को बेहतर आवास और काम की सुविधाएं मिलें, ताकि प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हो और सुरक्षा और बेहतर हो सके। 8 नए साइबर थाने शुरू गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रदेश में कई जगह साइबर थाने खोले जा रहे हैं। आज जशपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव समेत कुल 8 नए साइबर थाने शुरू किए गए। पहले ही पांच जिलों में साइबर थाने काम कर रहे हैं और भविष्य में जरूरत के हिसाब से और थाने बनाए जाएंगे। साथ ही चार जिलों में भारत रक्षित वाहिनी के कैंपस, नौ जिलों में नए थाना भवन, सेंट्रल आर्म्ड फोर्स की चौकी और आवासीय भवनों का भी लोकार्पण हुआ। इन जिलों में पुलिस भवन और आवासीय भवनों का लोकार्पण मुख्यमंत्री ने बालोद, महासमुंद, धमतरी, रायपुर, बस्तर, बीजापुर, सुकमा, कांकेर, नारायणपुर, दुर्ग, सूरजपुर और कोरिया जिलों में पुलिस भवन, चौकी, ट्रांजिट हॉस्टल और आवासीय भवनों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नए भवनों और थानों से पुलिस को काम करने में आसानी मिलेगी और दूरदराज के इलाकों तक सुरक्षा और कानून व्यवस्था मजबूत होगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, वरिष्ठ अधिकारी और कई विधायक व जनप्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *