सिटी रिपोर्टर | दुर्ग दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर के नेतृत्व में गुरुवार को सीजी पीएसी 2024 में टॉप टेन में चयनित अभ्यर्थियों व उनके पालकों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात किया। मुख्यमंत्री ने सभी का स्वागत, अभिनंदन किया और शुभकामनाएं दी। टॉप टेन में चयनित अभ्यर्थियों में देवेश प्रसाद साहू, स्वप्निल वर्मा, यशवंत कुमार देवांगन, पोलेश्वर साहू, पारस शर्मा, शताक्षी पांडेय, अंकुश बैनर्जी, श्रृष्टि गुप्ता, प्रशांत वर्मा, सागर वर्मा का सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आप लोगों ने इस कठिन परीक्षा में शीर्ष स्थान अर्जित किया है, निश्चित रूप से आप युवा पीढ़ी के लिए आदर्श बन चुके हैं। आपने अपनी मेहनत, संकल्प और समर्पण से यह उपलब्धि हासिल की है। आपकी यह सफलता आपके परिवार, आपके शिक्षकों की भी सफलता है। विधायक ललित ने कहा का विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार में सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रकिया में पूर्ण रूप से पारदर्शी तरीके भर्ती किया जा रहा है। बच्चे अपनी मेहनत और लगन से मुकाम हासिल कर रहे हैं। हमारी सरकार युवाओं के आकांक्षाओं को पूरा करने का काम कर रही है। अभ्यर्थियों ने बताया कि पहले सीजी पीएसी से भरोसा उठ गया था। पूर्ण रूप से भ्रष्टाचार नजर आता था, लेकिन पिछले दो सालों से जिस प्रकार की पूर्ण रूप से पारदर्शी तरीके से भर्ती हुआ है ये काबिले तारीफ है।


