कैलारस से बिज्जगढ़ी जाने वाले मार्ग पर रविवार को एक एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एंबुलेंस चालक बाल-बाल बच गया। संयोग से उसी समय जौरा विधायक पंकज उपाध्याय वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने गाड़ी रोककर स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकलवाया। राहत की बात यह रही कि एंबुलेंस में कोई मरीज नहीं था। जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस चालक के नियंत्रण खो देने से वाहन अचानक पलट गया। हादसा होते ही मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई। उसी दौरान वहां से गुजर रहे विधायक पंकज उपाध्याय ने तुरंत वाहन रुकवाया और खुद नीचे उतरकर चालक को सुरक्षित बाहर निकालने में सहयोग किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर एंबुलेंस में मरीज होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। चालक को हल्की चोटें आईं, लेकिन वह सुरक्षित है। एंबुलेंस के पलटने के बाद कुछ समय तक मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बन गई। विधायक पंकज उपाध्याय ने कहा कि एंबुलेंस में केवल चालक था। कुछ लोगों ने कहा कि चालक नशे में हो सकता है, लेकिन ऐसा नहीं लगा। उन्होंने कहा कि संभवतः बैलेंस बिगड़ने से एंबुलेंस पलट गई। पुलिस व प्रशासन को भी जानकारी दे दी गई है।


