मूल्यांकन 15 तक, अंकसूची बना नतीजे 30 को जारी करेंगे

भास्कर न्यूज | बालोद बोर्ड की तर्ज पर कक्षा 5वीं व 8वीं की केंद्रीयकृत वार्षिक परीक्षा होने के बाद वर्तमान में जिले के 10 केंद्रांे में उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य चल रहा है। शिक्षा विभाग की ओर से मूल्यांकन कार्य 15 अप्रैल तक पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। अंकसूची 25 अप्रैल तक तैयार कर लिया जाएगा। 28 अप्रैल तक अंकसूची बीईओ के माध्यम से स्कूलों में भेजी जाएगी। 30 अप्रैल को संस्था प्रमुख परीक्षा परिणाम घोषित कर अंकसूची वितरण करेंगे। जिला स्तर पर परीक्षाफल पंजी बनेगी। मूल्यांकन के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को दोबारा सीलबंद पैकेट बनाकर विकासखंडों में 3 माह तक सुरक्षित रखा जाएगा। शिक्षा विभाग के अनुसार 173 स्कूलों में आयोजित परीक्षा में कक्षा 5वीं के कुल 11 हजार 856 और 8वीं के 12 हजार 215 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। जांच के लिए एक मूल्यांकनकर्ता को एक दिन में अधिकतम 40 उत्तर पुस्तिकाएं ही दी जा रही है। प्रत्येक विषय के लिए 1-1 शिक्षक को मुख्य (हेड) मूल्यांकनकर्ता नियुक्त किया गया है। मुख्य मूल्यांकनकर्ता अपने अधीन मूल्यांकनकर्ता की 5% उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन अलग से करेंगे। इससे मूल्यांकन की विश्वसनीयता बनी रहेगी। ऐसा तर्क दिया गया है। मुख्य मूल्यांकनकर्ताओं का दायित्व होगा कि मूल्यांकनकर्ताओ से मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाएं एवं अंक तालिका जिसमें मूल्यांकनकर्ता एवं मुख्य मूल्यांकनकर्ता के हस्ताक्षर होंगे, उसी दिन मूल्यांकन केन्द्राध्यक्ष को सौंपेगे। जिसकी प्रविष्टि केन्द्राध्यक्ष द्वारा नॉमिनल रोल में कराई जाएगी। मूल्यांकन में हुई त्रुटि के लिए संबंधित शिक्षक की जवाबदेही एवं कार्रवाई निश्चित करने के लिए जिला स्तरीय संचालन समिति अधिकृत रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *