मूसलाधार बारिश, कई मुहल्लों-सड़कों में भरा पानी, 27 तक भारी बारिश का अलर्ट

26 को रांची में अत्यधिक बारिश का ऑरेंज व 27 को येलो अलर्ट बुधवार को रांची में शाम साढ़े चार से साढ़े पांच बजे तक एक घंटे हुई भारी बारिश में कई मुहल्लों में एक बार फिर जल जमाव हो गया। अपर बाजार, अशोक कुंज, पंचशील नगर पंडरा, मेन रोड सहित कई इलाकों में जल जमाव हो गया। एक घंटे की बारिश में ही घुटने भर पानी भर गया। कई जगह अत्यधिक पानी की वजह से चलते-चलते वाहन बंद हो गए। वहीं अशोक कुंज व पंचशील नगर में कई घरों में एक बार फिर पानी घुस गया। सड़कों पर नाले का पानी आ गया। जिसकी वजह से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। अपर बाजार का कई इलाकों में सड़कों पर नालों का पानी ऐसा भर गया मानो सड़क न हो कर नाला हो। इस दौरान कई घरों में भी पानी घुस गया। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश हजारीबाग के इचाक में 44 एमएम और कोडरमा में 42 मिमी दर्ज की गई। वहीं अधिकतम तापमान सरायकेला का 36.7 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चार दिन येलो व ऑरेंज अलर्ट मौसम विभाग ने 27 जुलाई तक रांची सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 24 जुलाई को रांची, खूंटी, सरायकेला खरसावां, रामगढ़, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर और दुमका जिले में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 25 जुलाई को रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा और पाकुड़ जिले में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। थंडरिंग के कारण फीडर में ब्रेक डाउन, 4 घंटे बिजली गुल
शाम को मेघ गर्जना के साथ हुई एक घंटे की मूसलाधार बारिश ने बुधवार को रांची समेत आसपास के कई इलाकों की बिजली गुल कर दी। जिसके कारण देर शाम तक कई इलाके व मोहल्लों में अंधेरा पसरा रहा। टाटीसिलवे फीडर ब्रेक डाउन हो गया। जिसके कारण शाम छह बजे से रात 9 बजे तक बड़े इलाके में बिजली आपूर्ति ठप रही। अंधेरा पसरने के बाद ब्रेक डाउन की शिकायत आने के कारण मरम्मत कार्य प्रभावित हुआ। देर शाम तक ब्रेक डाउन का कारण ढूंढने के लिए पेट्रोलिंग की गई। जिसके कारण चार से पांच घंटे लोगों को अंधेरे में रहना पड़ा। इससे मिश्रा कॉलोनी, टाटीसिलवे इंडस्ट्रियल एरिया, अनगड़ा के कुछ भाग, चतरा, महिलौंग, आरा गेट, हरातू, गाड़ी होटवार के कुछ भाग, नकसुर सहित अन्य आसपास के इलाके प्रभावित रहे। इसके अलावा पुंदाग-अरगोड़ा में लाइटनिंग के कारण बिजली उपकरण डिस्क पंचर हो गया। जिसके कारण पुदांग, जोहार नगर, भागलपुर नगर सहित आसपास के इलाकों में दो से तीन घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। शिकायत मिलने के बाद त्वरित गति से मरम्मत कार्य शुरू किया गया। 20 मिनट बाद ही बिजली बहाल कर दी गई। बड़ा तालाब के किनारे औघड़ बाबा आश्रम के पास सड़क पर भरा पानी। रांची में 26 जुलाई को अत्यधिक बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा खूंटी, सरायकेला खरसावां, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा और गुमला में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लोहरदगा, लातेहार, पलामू और गढ़वा में येलो अलर्ट है। 27 जुलाई को रांची सहित नौ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। रांची, खूंटी, पश्चिम सिंहभूम, लातेहार, गढ़वा व पलामू जिले में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *