मैनपावर सप्लाई एजेंसी सुमित फैसिलिटीज के डायरेक्टर अमित प्रभाकर गिरफ्तार

शराब घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को मैनपावर सप्लाई एजेंसी सुमित फैसिलिटीज के डायरेक्टर अमित प्रभाकर सलौंकी को गिरफ्तार कर लिया। उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया था। इस मामले में एसीबी की यह 11वीं गिरफ्तारी है। अमित प्रभाकर छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया का करीबी है। सिंघानिया से पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर अमित को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि मई 2022 में झारखंड में उत्पाद नीति लागू करने में सुमित फैसिलिटीज की अहम भूमिका थी। एसीबी को पता चला है सिद्धार्थ सिंघानिया ने ही छत्तीसगढ़ की चार मैनपावर सप्लाई कंपनियों को झारखंड में काम दिलाया था। ये एजेंसियां करीब आठ महीने तक झारखंड में रहीं। गबन का मामला सामने आने के बाद इन्हें हटाते हुए ब्लैक लिस्ट कर दिया गया। फिर उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग ने इन पर 450 करोड़ रुपए के गबन का आरोप लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की। यह मामला व​हां विचाराधीन है। एक आरोपी को मिल चुकी है जमानत शराब घोटाले में एसीबी ने अब तक उत्पाद विभाग के पूर्व प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे, संयुक्त आयुक्त उत्पाद गजेंद्र सिंह, पूर्व जीएम वित्त सुधीर कुमार दास व सुधीर कुमार, पूर्व आयुक्त उत्पाद अमित प्रकाश को गिरफ्तार किया है। इनके अलावा प्लेसमेंट एजेंसी मार्शन के नीरज कुमार सिंह, छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया, प्रिज्म होलोग्राफी के विधु गुप्ता, श्री ओम साईं बिवरेजेज के अतुल कुमार सिंह और मुकेश मनचंदा को भी गिरफ्तार किया गया है। गजेंद्र सिंह अभी जमानत पर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *