मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र में नाबालिगों से अवैध शराब बिक्री का एक वीडियो सामने आया है। यह मामला अमरपाटन और ताला थाना क्षेत्र के खजुरी ताल आश्रम, मानस पीठ आश्रम और पोंडी धाम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास सामने आया है। आरोप है कि शराब बेचने वाले नाबालिग बच्चों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, शराब के नशे में आए दिन विवाद और आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। शाम होते ही खजुरी ताल के आसपास नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे आम लोगों का आवागमन भी प्रभावित होता है। बताया जा रहा है कि रीवा आईजी ने इस मामले में पहले ही सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद खजुरी ताल क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार जारी रहने के आरोप लगाए जा रहे हैं। नाबालिगों से शराब बिकवाने का वीडियो सामने आने बाद पुलिस हरकत में आई है। पुलिस ने वायरल के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में वीडियो पुराना मिला अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। पूछताछ के दौरान संबंधित महिला ने वीडियो को पुराना बताया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उस घर में एक विधवा महिला और उसकी बेटी रहती है, और जांच के दौरान मौके से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है। पुलिस द्वारा फिलहाल क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।


