पंजाब के मोगा में बड़ी लापरवाही सामने आई है। कोट इसे खां थाने से दो कैदी फरार हो गए। एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किए गए बलजीत सिंह और कुलदीप सिंह ने रात करीब 2 बजे लॉकअप की छत में छेद करके भागने में सफलता हासिल कर ली। दोनों आरोपियों को पुलिस ने 80 नशीली गोलियों के साथ पकड़ा था और दो दिन के पुलिस रिमांड पर रखा गया था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने फरार आरोपियों के परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही विभिन्न टीमें गठित कर दोनों की तलाश में जुटी हैं। हालांकि अभी तक पुलिस अधिकारियों की तरफ से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


