लुधियाना में आप उम्मीदवार ने विपक्ष पर साधा निशाना:अरोड़ा बोले-उप-चुनाव लड़ने से मेरी डिमोशन नहीं हुई,सेंटर कैबिनेट मंत्री भी लड़ते MLA चुनाव

पंजाब के लुधियाना में 19 जून को हलका पश्चमी विधान सभा सीट पर उप-चुनाव होने जा रहे हैं। चुनावी माहौल पूरी तरह से तैयार है और सभी राजनीतिक पार्टियां एक-दूसरे पर निशाना साध रही हैं। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने कहा कि आज सुबह वह चुनाव प्रचार में व्यस्त थे, जब उन्हें चुनाव की तारीख घोषित होने की खबर मिली। उन्होंने कहा कि मैं सभी पार्टियों के उम्मीदवारों को समान मानता हूं। मेरे लिए सभी उम्मीदवार एक जैसे हैं। जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि विपक्ष का कहना है कि उनकी डिमोशन हुई है क्योंकि वह सांसद से विधायक का चुनाव लड़ रहे हैं, तो अरोड़ा ने जवाब दिया कि विधायक का चुनाव लड़ना कोई डिमोशन नहीं है। यह भी लोक सेवा का हिस्सा है। यहां तक कि केंद्रीय मंत्री भी विधायक का चुनाव लड़ते हैं। केजरीवाल की राज्य सभा में एंट्री पर बोले अरोड़ा… पत्रकारों ने सवाल किया कि विपक्ष का कहना है कि संजीव अरोड़ा के जीतने के बाद अरविंद केजरीवाल को बेक डोर से राज्य सभा में एंट्री दिलाई जाएगी। इस पर अरोड़ा ने कहा कि राज्य सभा में 7 सांसद हैं, मैं अकेला सांसद नहीं हूं। क्या केजरीवाल इंतजार कर रहे थे कि गोगी जी चले जाएंगे, फिर चुनाव की घोषणा होगी? केजरीवाल ने मुझे सीट दी है। उन्हें इतना लंबा इंतजार क्यों करना होगा? वह किसी भी सांसद से इस्तीफा दिलवा सकते हैं। मैं पार्टी के आदेश पर ही चुनाव लड़ रहा हूं। अरोड़ा ने कहा कि मैं लुधियाना का ही निवासी हूं। मेरा जन्म सीएमसी में हुआ है। जो विरोधी मुझे दिल्ली का कह रहे हैं, उन्हें समझना चाहिए कि राज्य सभा दिल्ली में ही लगती है, इसलिए वहां जाना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव आयोग ने जो समय दिया है, वह सही है। हलका पश्चमी सीट को लेकर लोगों में काफी उत्साह है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *