भास्कर न्यूज | कवर्धा शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए कबीरधाम पुलिस ने 15 अप्रैल से विशेष अभियान शुरू किया है। यह अभियान केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहा। इसका उद्देश्य ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारना और लोगों में जागरूकता लाना भी रहा। अभियान के पहले दो दिन यानी 15 और 16 अप्रैल को पुलिस ने शहर के प्रमुख बाजार, चौक-चौराहों, स्कूल-कॉलेजों के आसपास और अतिक्रमण वाले इलाकों में मुनादी कर लोगों को समझाइश दी। व्यापारियों, ठेला-गुमटी वालों और आम नागरिकों को बताया गया कि सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण और ट्रैफिक में बाधा डालना अपराध है। चेतावनी दी गई कि नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई होगी। इसके बाद भी जब सुधार नहीं हुआ तो 17 अप्रैल को पुलिस ने सख्त अभियान चलाया। इस दौरान 40 दोपहिया वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई। शहर में तेज आवाज वाले मोडिफाइड साइलेंसर की शिकायतें भी मिल रही थीं। ये वाहन ध्वनि प्रदूषण फैला रहे थे। अभियान के दौरान ऐसे 4 दोपहिया वाहनों से मोडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए। मौके पर ही उन्हें बदला गया। यह कार्रवाई एएसपी पुष्पेंद्र बघेल और पंकज पटेल के मार्गदर्शन में हुई। एसडीओपी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में कोतवाली और ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई की। डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर ने स्पष्ट किया कि क्रेन लिफ्टर का उपयोग आगे भी जारी रहेगा। अव्यवस्थित पार्किंग पर सख्त कार्रवाई होगी। आम जनता से अपेक्षा की गई कि वे इस अभियान को कानून-व्यवस्था की कार्रवाई न समझें, बल्कि इसे नागरिक जिम्मेदारी मानें।


