मोदी बागेश्वर धाम में कैंसर हॉस्पिटल का भूमिपूजन करेंगे:भोपाल में इन्वेस्टर्स समिट का उद्घाटन करेंगे पीएम; कैबिनेट में 10 नई पॉलिसी मंजूर

भोपाल में 24 और 25 फरवरी को होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। पीएम 23 फरवरी को छतरपुर के बागेश्वर धाम में बनने वाले कैंसर अस्पताल का भूमिपूजन करेंगे। वे रात्रि विश्राम भोपाल में करेंगे। यह जानकारी मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी। सीएम ने बताया कि इन्वेस्टर्स समिट पर फोकस करते हुए बैठक में 10 नई पॉलिसी को मंजूरी दी गई। इनमें नई फिल्म नीति, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण नीति, खिलौना उद्योग नीति, रक्षा उत्पादन प्रोत्साहन नीति, मेडिकल डिवाइस, इलेक्ट्रिकल व्हीकल, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यटन नीति, लॉजिस्टिक पार्क नीति और पंप स्टोरेज नीति शामिल हैं। नई फिल्म नीति में युवा-महिलाओं पर केंद्रित फिल्मों पर अतिरिक्त रियायतें मिलेगी। रोजगार और निवेश को नीतियों में प्राथमिकता में रखा गया है। सीएम बुधवार को दिल्ली में बैठक करेंगे
कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर बैठक में कई नीतियों को मंजूरी दी गई है। विदेशी राजदूतों और निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार को दिल्ली में बैठक करेंगे। इसके प्रबंधन के लिए एक कमेटी बनाई गई है, जिसमें भोपाल के प्रभारी मंत्री, डिप्टी सीएम, भोपाल-खजुराहो विधायक और खुद विजयवर्गीय भी शामिल हैं। नई नीतियों में रोजगार-निवेश को प्राथमिकता
विजयवर्गीय ने बताया कि कैबिनेट द्वारा मंजूर नीतियों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगार देना है। निवेशकों को अनुमतियों को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए एनओसी की संख्या कम की गई है। सभी अनुमतियां ऑनलाइन होंगी और समय सीमा के भीतर दी जाएंगी। सीएम बोले- प्रयागराज जाने वालों के लिए हो रही व्यवस्था
मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने महाकुंभ मार्ग पर लग रहे वाहनों के जाम को लेकर कहा कि मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों के श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक है। रीवा की ओर से प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रीवा, मैहर, सतना, मऊगंज और सीधी में ठहरने, भोजन और छोटे बच्चों के लिए दूध-बिस्किट सहित दूसरी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रशासन के साथ सामाजिक संस्थाओं की मदद भी ली
शासकीय एजेंसियां, स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से व्यवस्था की जा रही है। एम्बुलेंस और डॉक्टर की भी व्यवस्था की गई है। वाहनों की पार्किंग, पुलिस की हाईवे पेट्रोलिंग और एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। प्रयागराज से आने-जाने वालों की बड़ी संख्या को देखते हुए मार्गों को डायवर्ट कर और प्रयागराज प्रशासन से तालमेल बनाते हुए वहां से आने वालों की संख्या का अनुमान लगाकर व्यवस्था की जा रही है। महाराष्ट्र सीमा पर भी श्रद्धालुओं और वाहनों के आवागमन का प्रबंधन किया जा रहा है। विमान संचालन के लिए 292 एकड़ भूमि स्वीकृत
शिवपुरी स्थित शासकीय हवाई पट्टी में ATR-72 विमानों के संचालन के लिए 292 एकड़ भूमि की स्वीकृति दी गई है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण करने और मुआवजा राशि का भुगतान किए जाने का निर्णय लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *