मोहनगढ़ पंचायत में ऊषा केवट निर्विरोध सरपंच चुनी गईं:पूर्व सरपंच के निधन के बाद 6 महीने के लिए पदभार संभाला

टीकमगढ़ जिले की ग्राम पंचायत मोहनगढ़ में शनिवार को ऊषा केवट को निर्विरोध सरपंच चुना गया। यह चयन 20 पंचों की मतदान प्रक्रिया के माध्यम से हुआ, जिसमें सभी ने ऊषा पत्नी किशन केवट के नाम पर सहमति जताई। उन्हें अगले छह महीने के लिए सरपंच नियुक्त किया गया है। यह पद पूर्व सरपंच कम्मोद केवट के निधन के कारण रिक्त हुआ था। करीब 15 दिन पहले बीमारी के चलते उनका निधन हो गया था। शासन के नियमानुसार, नए सरपंच के चुनाव की प्रक्रिया छह महीने के भीतर पूरी की जानी होती है। इस अवधि के लिए पंचों द्वारा एक अस्थाई सरपंच का चयन किया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत, पंचायत भवन में 20 पंचों की बैठक बुलाई गई थी। सभी पंचों ने सर्वसम्मति से ऊषा केवट को आगामी चुनाव तक के लिए सरपंच चुना। पूर्व सरपंच कम्मोद केवट को कांग्रेस समर्थित माना जाता था, जबकि ऊषा केवट को भाजपा समर्थित बताया जा रहा है। इस चुनाव प्रक्रिया को मोहनगढ़ तहसीलदार राजेंद्र सिंह परमार, दामोदर विश्वकर्मा और सुल्तान सिंह घोष ने संपन्न कराया। अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार, छह महीने के भीतर सरपंच पद के लिए नियमित चुनाव प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *