सिंगरौली गौ सेवा केंद्र में जलभराव, बछड़े की मौत:गौ सेवकों ने गोद में उठाकर बचाए गोवंश, वीडियो सामने आया

सिंगरौली जिले के पशु चिकित्सालय परिसर स्थित गौ सेवा संस्थान में बारिश का पानी भर जाने से एक बछड़े की डूबकर मौत हो गई। गौ सेवा संस्थान चलाने वाली एक महिला ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। साझा किए गए वीडियो में गौ सेवक जलमग्न परिसर में पशुओं को बचाने का प्रयास करते दिख रहे हैं। वे गोवंश को गोद में उठाकर पानी के बीच खड़े हैं। वीडियो में पीछे से एक महिला की आवाज सुनाई दे रही है, जो बता रही है कि यहां अक्सर इसी तरह पानी भर जाता है। महिला ने यह भी कहा कि इस समस्या के बारे में कई बार अधिकारियों को सूचित किया गया और निराकरण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो पाया है। यह वही गौ सेवा संस्थान है जहां हाल ही में प्रदेश की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह ने दौरा किया था और संस्थान चलाने वालों की सराहना की थी। इस मामले पर नगर निगम कमिश्नर सविता प्रधान ने कहा कि पशु चिकित्सालय परिसर में एक छोटी गौशाला चल रही है। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें इसकी पूरी जानकारी नहीं है क्योंकि यह परिसर पशु चिकित्सालय विभाग का है। हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि पानी भरने से किसी मवेशी की मौत हुई है या कोई समस्या है, तो नगर निगम अपनी जिम्मेदारी समझते हुए व्यवस्था को ठीक करने का प्रयास करेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *