भास्कर न्यूज | अमृतसर 24 दिसंबर 1924 को पैदा हुए लोक प्रिय गायक स्व. मोहम्मद रफी का आज 100वां जन्मदिन है। रफी का जन्म जिला अमृतसर के कस्बा मजीठा स्थित गांव कोटला सुल्तान सिंह में हुआ था। मोहम्मद रफी की आवाज ने जहां पूरे विश्व में अमृतसर और पंजाब का नाम रोशन किया। वहीं, इस महान गायक की याद में ना तो पंजाब सरकार और ना ही जिला प्रशासन की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए कोई कार्यक्रम रखा गया है। जबकि आज तक उनकी याद में कोई म्यूजियम भी नहीं बनाया गया। बता दें कि बॉलीवुड में अपनी आवाज से अलग पहचान पूरे विश्व में बनाने वाले गायक मोहम्मद रफी ने 105 पंजाबी फिल्मों में 262 गीत भी गाए हैं। जिसमें उन्होंने ज्यादातर पैसे ही नहीं लिए और कुछ गीतों में सिर्फ टोकन मनी ही ली थी। इस बात से पता चलता है कि मोहम्मद रफी को पंजाब के साथ कितना प्यार था। फिर भी उनके जन्मदिन कोई कार्यक्रम नहीं किया जा रहा। दूसरी तरफ केंद्र सरकार ने बीते दिन कलाकार राज कपूर का 100वां साल मनाया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज कपूर के परिवार को बुलाया था। वहीं, इंटरनेशनल फिल्म फेस्टीवल अॉफ इंडिया की ओर से बीती 20 से 28 नवंबर तक गोवा में एक वीक का आयोजन किया, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री से लिंक व्यक्तियों की याद में खासकर मोहम्मद रफी, राज कपूर, नागेश्वर राव का 100 दिन मनाया गया। लेकिन रफी एक पंजाबी है फिर भी उनकी याद में कुछ नहीं किया गया। समाजसेवी नरेश जौहर ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद एक कलाकार है। उन्हें एक कलाकार की इंपोर्टेंस पता होनी चाहिए। मोहम्मद रफी के जन्मदिन का 100वां साल है, लेकिन पंजाब सरकार ने कुछ नहीं किया। पंजाब में आज के दिन कुछ विशेष कार्यक्रम होने चाहिए। जिसका नाम पूरे विश्व में है उसके जिले में उसकी कोई यादगार नहीं। आज के दिन विरसा विहार, ठाकुर सिंह एकेडमी, पंजाब नाटशाला, खालसा कॉलेज, गुरू नानक एडिटोरियम, यहां तक कि मोहम्मद रफी के गांव कोटला सुल्तान में कार्यक्रम होने चाहिए, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है। ^मोहम्मद रफी की याद में आडिटोरियम हॉल के टेंडर 2006 में लगाए गए थे, उन्हें इसके बारे में कोई भी जानकारी नहीं है। क्योंकि वह उस समय नहीं थे। यह बात तो उस समय के एसई ही बता सकते है। बाकी फिर भी वह इस बारे में पता करेंगे। – संदीप सिंह, एसई निगम।


