मौ नगर पंचायत उपचुनाव में कांग्रेस की जीत:वार्ड 4 में भाजपा को 19 वोट से हराया; विधायक बोले- जनता अब विकल्प तलाश रही

मौ नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक-4 में हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी गंगा श्री जाटव ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा की मुन्नी बाई को 19 मतों से हरा दिया। पूर्व पार्षद के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर मुकाबला काफी कड़ा माना जा रहा था। मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी गंगा श्री को 276 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी 257 वोटों पर ही सिमट गईं। चुनाव परिणाम के अनुसार, कांग्रेस की गंगा श्री जाटव को 276 और भाजपा की मुन्नी बाई को 257 मत प्राप्त हुए। जीत का अंतर 19 वोटों का रहा। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी भाग्यश्री और नोटा को 3-3 वोट मिले। भाजपा ने बनाई थी नाक की लड़ाई यह उपचुनाव दोनों पार्टियों के लिए अहम बन गया था। भाजपा ने इसे प्रतिष्ठा का प्रश्न मानते हुए संगठन की पूरी ताकत और संसाधन झोंक दिए थे। प्रचार अभियान भी विधानसभा चुनाव जैसा चलाया गया। दूसरी तरफ, कांग्रेस ने बूथ स्तर पर फोकस करते हुए जमीनी रणनीति अपनाई। मतदाताओं से सीधा संवाद और स्थानीय मुद्दों को उठाने का फायदा कांग्रेस को मिला। विधायक बोले- कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाई जीत पर गोहद विधानसभा के कांग्रेस विधायक केशव देसाई ने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनता अब विकल्प तलाश रही है और कांग्रेस पर उनका भरोसा बढ़ रहा है। जीत के बाद कांग्रेस खेमे में उत्साह है, वहीं भाजपा संगठन हार के कारणों पर आत्ममंथन कर रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *