लुधियाना| शहर के 95 वार्डों में 24 घंटे नहरी पानी की सप्लाई देने के लिए गांव बिलगा में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का काम शुरू हो चुका है। 580 एमएलडी यह प्लांट 54 एकड़ में बनेगा। यहां अभी खुदाई का काम चल रहा है। उसके बाद फाउंडेशन होगी। यहां से पानी शहर में नई बनने वाली 70 वाटर टैंकियों में पहुंचेगा। इसके अलावा 66 पुरानी वाटर टैंकियों की मुरम्मत का काम भी शुरू किया गया है। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से शहर की वाटर टैकिंयों तक पानी पहुंचाने के लिए नई वाटर लाइनें भी बिछाई जाएंगी। इस प्रोजेक्ट पर 1500 करोड़ रुपए खर्च होने हैं। यह पैसा वर्ल्ड बैंक ने मंजूर कर लिया है। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद 10 साल के लिए प्लांट चलाने और मेंटेनेंस के लिए 270.73 करोड़ रुपए अलग से खर्च होंगे।


