युवक की हत्या कर बकरा चोरी, एक आरोपी गिरफ्तार:जशपुर के बदमाशों के गिरोह ने की थी वारदात, अन्य आरोपी फरार

सरगुजा जिले के गेरसा में दो माह पूर्व ग्रामीण युवक की हत्या कर बकरा चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने जशपुर से गिरफ्तार किया है। गिरोह के अन्य सदस्य फरार हैं। आरोपी अर्टिगा वाहन से बकरा चोरी करने पहुंचे थे और बकरा मालिक के जाग जाने पर पकड़े जाने के डर से लकड़ी की फारी से कई बार मारकर उसकी हत्या कर दी थी। आरोपी चार बकरे लेकर फरार हो गए थे। जानकारी के मुताबिक, सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गेरसा में 7 मई की रात रैदु नागवंशी (45) अपने घर में खाना खाने के बाद सो रहा था। आधी रात चारपहिया वाहन में सवार 4-5 की संख्या में अज्ञात चोर उनके घर में घुसे और बकरे चुराने लगे। रैदु की नींद खुलने पर उनकी चोरों से मुठभेड़ हो गई। चोरों ने लकड़ी की फारी से रैदु नागवंशी के सिर पर कई बार वार किया। वह बेहोश होकर गिर गया। चार बकरे लेकर भाग निकले चोर
घर में रैदु नागवंशी के बुजुर्ग माता-पिता शोर सुनकर बेटे का बचाव करने मौके पर पहुंचे। उन्हें देखकर चोर घर से चार, पांच बकरों को उठाकर गाड़ी में डाला और भाग निकले। मामले में केरजू पुलिस चौकी में धारा 103(1), 309, 332, 115(2), 3(5) बीएनएस का अपराध दर्ज किया गया था। जशपुर में मिला सुराग, सरगना गिरफ्तार
मामले की जांच में जुटी पुलिस को जशपुर कोतवाली पुलिस से सुराग मिला कि जशपुर के एक चोरी का आरोपी मोहम्मद चाँद (24 वर्ष) निवासी बिमड़ा इस घटना में शामिल है। पुलिस ने आरोपी चांद मोहम्मद को पकड़कर पूछताछ की तो उसने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपी चांद मोहम्मद ने बताया कि वह थाना तपकरा में वर्ष 2023 में बैटरी चोरी के मामले में पकडे जाने पर अपने साथियो के साथ जेल गया था। जेल से छूटने के बाद वह अपने आर्टिका वाहन को बुकिंग लेकर चलाता था। इसी अर्टिगा वाहन से वे चोरी भी करते थे। विरोध करने पर की थी हत्या
चांद मोहम्मद ने बताया कि वे केरजू में रैदु नागवंशी के घर का दरवाजा तोड़कर बकरा चोरी करने घुसे थे। रैदु नागवंशी जाग गया एवं उसने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, इस दौरान उन्होंने रैदु पर हमला कर दिया। आरोपी की आर्टिका वाहन जशपुर कोतवाली में दर्ज एक प्रकरण में जब्त है। सीतापुर थाना प्रभारी गौरव कुमार पांडेेय ने बताया कि आरोपी चांद मोहम्मद को गिरफ्तार कर पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। हत्या व चोरी के अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *