डूंगरपुर की ओबरी थाना पुलिस ने सड़क किनारे युवक का शव मिलने के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आपसी कहासुनी के बाद तीनों ने ईंट से हमला कर युवक की हत्या की थी। ओबरी थानाधिकारी मीना गुर्जर ने बताया कि 23 नवंबर को डेचा फला वंजेला निवासी पायल ने अपने भाई प्रकाश डिंडोर की गुमशुदगी और बाद में मौत की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पायल ने बताया कि 22 नवंबर को प्रकाश भेड़ माता मेले में गया था। उसी शाम परिजनों को सूचना मिली कि प्रकाश आंतरी-ओबरी मार्ग पर एक निजी स्कूल के पास सड़क किनारे लहूलुहान हालत में पड़ा है। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और प्रकाश को सागवाड़ा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच के लिए एक टीम का गठन किया। जांच के दौरान, पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। इसके आधार पर तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में हड़पालिया निवासी राकेश मकवाना, अरविंद डिंडोर और अमृतलाल डिंडोर ने युवक की हत्या करने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे तीनों जा रहे थे, तभी रास्ते में पैदल चल रहे प्रकाश डिंडोर ने शराब के नशे में उनके साथ गाली-गलौज की। इसी बात पर उनके बीच झगड़ा शुरू हो गया। झगड़े के दौरान ही आरोपियों ने ईंट से हमला कर प्रकाश की हत्या कर दी। पुलिस फिलहाल तीनों आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।


