सतना जिले में एक युवती को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में धारकुंडी थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। यह मामला 15 दिसंबर 2025 का है। महापार निवासी अनीता यादव, पिता मोहनलाल यादव, ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी। जांच में सामने आया कि अनीता की शादी उसकी बड़ी बहन के देवर राजन उर्फ उमेश यादव (25 वर्ष), निवासी खम्हरिया, थाना सेमरिया, जिला रीवा, से तय हुई थी। शादी तय होने के बाद दोनों के बीच बातचीत और मुलाकातें भी होने लगी थीं। युवक के अचानक शादी से इनकार करने के बाद की आत्महत्या
पुलिस के अनुसार, आत्महत्या से करीब चार दिन पहले राजन उर्फ उमेश ने अचानक शादी से इनकार कर दिया था। इससे अनीता मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई और इसी तनाव में उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने परिजनों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया। इसके बाद बुधवार को उसे सेमरिया से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


