भास्कर न्यूज | अंबिकापुर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग द्वारा सरगुजा जिले के विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने के लिए 22 जनवरी को कार्यक्रम युवा उड़ान 2026 का आयोजन किया जा रहा है। स्थानीय कला केंद्र मैदान में सुबह 11 बजे से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में देश की जानी-मानी हस्तियां छात्रों का मार्गदर्शन करेंगी। छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय तोमर ने बताया कि इस कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण देश के प्रतिष्ठित और प्रेरक व्यक्तित्व होंगे। पद्मश्री गणितज्ञ आनंद कुमार विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और सफलता के मूल मंत्र देंगे। युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय लेखक नीलोत्पल मृणाल छात्रों से सपनों, संघर्ष और करियर से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगे। विश्वविजय तोमर के अनुसार, इस आयोजन का लक्ष्य सरगुजा के विद्यार्थियों में शिक्षा, करियर विकल्पों और भविष्य की चुनौतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह कार्यक्रम विशेष रूप से कक्षा 9वीं से लेकर कॉलेज तक के छात्रों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यहां छात्रों को विशेषज्ञों से सीधा संवाद करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम की तैयारियों के बीच अध्यक्ष विश्वविजय तोमर ने युवा उड़ान 2026 के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के वरिष्ठ प्रोफेसरों और शिक्षकों को सम्मानित कर शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। बैठक के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार झा, बीके वर्मा, एसके त्रिपाठी, आरके सेगर, सुदामा मिश्र, कैलाश दीक्षित, ब्रजेश पाण्डेय, देवेंद्र नाथ दुबे, दिवाकर वर्मा, दिनेश्वर भगत, संतोष दास सरल, रविशंकर तिवारी, रामकुमार और सर्वजीत पाठक शामिल थे। युवा आयोग ने जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों और अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में विद्यार्थियों को इस सत्र का हिस्सा बनने के लिए भेजें।


