यूडीएच मंत्री बोले- संकल्प-पत्र में किए वादे पूरे कर रहे:साध्वी पुष्पा शास्त्री ने कहा- कलाकार, कथाकार और पत्रकार, ये ठीक चले तो देश तरक्की करेगा

महर्षि दयानंद सरस्वती की द्वि जन्म शताब्दी समारोह एंव श्री श्याम गौशाला (पिपराली) की स्थापना के 21 वर्ष पूरे होने पर पांच दिवसीय चतुर्वेद शतकम गौपुष्टमी महायज्ञ एवं श्री राम कथा का भव्य आयोजन श्री श्याम गौशाला पिपराली (सीकर) में किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 21 दिसंबर से 25 दिसंबर तक चलेगा। पहले दिन यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, साध्वी पुष्पा शास्त्री, पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती सहित अनेक संतों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। UDH मंत्री बोले- विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी इसके बाद कथाकार कुलदीप आर्य ने संगीतमय श्रीराम कथा सुनाई। कन्या गुरुकुल शिवगंज (पाली) की विदुषी छात्राओं ने वेद पाठ भी किया। इससे पहले सुबह गौशाला में यज्ञ की ब्रह्मा वेद विदुषी आचार्या सूर्या चतुर्वेदा के सानिध्य में गौपुष्टि महायज्ञ भी हुआ। वहीं पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा प्रदेश सरकार से 1 साल पूरा होने पर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा- चुनाव से पहले हमने संकल्प-पत्र में जितने वादे किए थे उनका आधे से ज्यादा का क्रियान्वयन हम कर चुके हैं। राजस्थान सरकार ने 2024-25 के बजट में जितनी घोषणाएं की थी अधिकांश को धरातल पर उतारने में राजस्थान सरकार ने किसी प्रकार की कसर नहीं छोड़ी है। 31 मार्च 2025 को जब इस वित्तीय वर्ष का समापन होगा तब तक बजट में की गई सभी घोषणाएं धरातल पर उतरना शुरू हो जाएगी। साध्वी पुष्पा शास्त्री ने कहा- कलाकार, कथाकार और पत्रकार अगर यह तीन कार सही से चलेगी तो देश का उद्धार होगा। उन्होंने कहा- सब सुखों की खान पूज्य गौमाता है। गाय के दूध-दही में अमृत है, गाय परोपकारिणी श्रेणी में आती है। कथा आयोजन के माध्यम से 16 प्रकार के संस्कारों के ऊपर प्रकाश डाला जाएगा। सुमेधानंद सरस्वती ने बताया- कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में फैली विभिन्न भ्रांतियों एवं कुरूतियों को खत्म किया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *