अंबेडकरनगर में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के प्रयोगात्मक परीक्षाओं में पारदर्शिता बरतने के लिए इस बार परिषद की ओर से लिखित परीक्षा की तरह इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा में भी तकनीक के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। निगरानी रखने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से नजर में रखी जाएगी। वही परीक्षकों को छात्रों के साथ सेल्फी लेकर उसे ऐप पर अपलोड करना होगा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की लिखित परीक्षाएं फरवरी में प्रस्तावित है। लिखित परीक्षा से पहले प्रयोगात्मक परीक्षाएं होगी। ये परीक्षाएं दो चरणों में होनी है। बोर्ड की ओर से प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए ऐसा एप तैयार कराया गया है, जिसका लिंक परीक्षकों के मोबाइल पर होगा। इस पर वह परीक्षार्थी को अंक परीक्षा केंद्र के 200 मीटर दायरे में ही रहकर दे सकेंगे। यह एप माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड होगा। इसे प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए ड्यूटी पर नियुक्त परीक्षकों को डाउनलोड करना होगा। इसका लिंक व पासवर्ड परीक्षकों को परीक्षा से पूर्व उपलब्ध कराया जाएगा। परीक्षक प्रयोगात्मक परीक्षा में दिए गए अंक के साथ ही प्रयोगात्मक परीक्षा देने वाले छात्रों के साथ ली गई सेल्फी भी अपलोड करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरीश सिंह ने बताया की संबंधित एप पर शिकायत दर्ज करने की भी सुविधा होगी। इस एप के जरिए केंद्र से 200 मीटर की परिधि तक और परीक्षा खत्म होने के एक घंटे के भीतर ही शिकायत दर्ज हो सकेगी। इसके साथ ही यदि किसी केंद्र पर परीक्षक की ओर से कोई अनुचित मांग की शिकायत सामने आती है तो प्रधानाचार्य साक्ष्य के साथ इस शिकायत को भी इस एप पर अपलोड कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें संबंधित शिकायत से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराना होगी। शिकायतों की जांच में पुष्टि होने पर बोर्ड संबंधित केंद्र की परीक्षा निरस्त कर दूसरे केंद्र पर कराने का निर्णय भी ले सकता है।


