भास्कर न्यूज | कसडोल भारत स्काउट गाइड जिला संघ बलौदाबाजार का जिला स्तरीय बेसिक कैंप प्रशिक्षण 18 से 24 नवंबर तक चल रहा है। प्रशिक्षण गिरौदपुरी स्थित छात्रावास में किया जा रहा है। कैंप के चौथे दिन 21 नवंबर को प्रशिक्षण की शुरुआत योगाभ्यास से हुई। योगाभ्यास के बाद प्रशिक्षणार्थियों ने सुबह का नाश्ता किया। इसके बाद ध्वज शिष्टाचार हुआ। प्रशिक्षणार्थियों का उत्साह बढ़ाने जिला मुख्य आयुक्त डॉ. अजय राव, राज्य मुख्यालय आयुक्त (स्काउट) केआर कश्यप, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष रामाधार पटेल और जिला कोषाध्यक्ष पीयूष मिश्रा शिविर में पहुंचे। स्काउटिंग परंपरा के अनुसार स्कार्फ लगाकर अतिथियों का स्वागत किया गया। आशीर्वचन और उद्बोधन में डॉ. अजय राव ने स्काउट गाइड संस्था को निस्वार्थ सेवा की अग्रणी टीम बताते हुए स्काउटर और गाइडर को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।


