भास्कर न्यूज | गिरिडीह बोकारो के दिल्ली पब्लिक स्कूल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय 6वीं राज्य स्तरीय योगासना स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में गिरिडीह के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक अपने नाम किए हैं। प्रतियोगिता में गिरिडीह से 6 खिलाड़ियों की टीम गई थी, जिसमें से 3 खिलाड़ियों ने पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। जिला योगासना स्पोर्ट्स संघ के महासचिव अमित स्वर्णकार ने बताया कि प्रतियोगिता में पूरे राज्य से करीब 300 खिलाड़ियों ने भाग लिया। गिरिडीह टीम में शामिल प्रियांशु कुमारी ने जूनियर हैंड बैलेंस इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल, रिदा अली ने सीनियर वर्ग में ट्रेडिशनल इवेंट में ब्रॉन्ज और बैक बैंड में सिल्वर मेडल जबकि शिवानी कुमारी ने ट्रेडिशनल इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। टीम के साथ कोच आकाश स्वर्णकार और मैनेजर जयप्रकाश गुप्ता भी मौजूद थे। सभी विजेता पहली बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग ले रहे थे। खिलाड़ियों की सफलता पर संघ के राजेश जालान, बबलू सिन्हा, संतोष शर्मा, नवीनकांत सिंह, पुष्पा शक्ति, नितेश नंदन समेत कई लोगों ने बधाई दी है। खिलाड़ियों की सफलता से जिले में उत्साह का माहौल है।


