बैकुंठपुर | महिला सशक्तिकरण को लेकर कोरिया जिले के ग्राम पंचायत बड़गांव में उन्नति महिला संकुल संगठन द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका मुख्य आतिथ्य जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित राम पैकरा ने किया। कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक दीपिका पटेल और संरक्षण अधिकारी वित्तबाला श्रीवास्तव भी उपस्थित रही। अतिथियों ने महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक उत्थान पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम में महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, अधिनियमों और उनके लाभों की जानकारी महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम द्वारा दी गई। साथ ही, अतिथियों ने पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाए रखने का संदेश भी दिया। इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, सामाजिक जागरूकता बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण व स्थानीय विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा सामूहिक पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ किया गया।


