भास्कर न्यूज | जांजगीर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सक्ती के तत्वावधान में नवापाराकला में ‘जल अर्पण दिवस’ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों में स्वच्छ पेयजल के महत्व, जल संरक्षण और नल-जल योजना के सतत संचालन को लेकर जागरूकता बढ़ाना था। मुख्य अतिथि द्वारा कार्यक्रम की शुरुआत की गई। अधिकारियों ने जल जीवन मिशन, जल की शुद्धता, स्वास्थ्य पर प्रभाव और समय पर जल कर भुगतान की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी। एफटीके किट के माध्यम से जल गुणवत्ता परीक्षण का प्रदर्शन कर ग्रामीणों को जलजनित बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए। बच्चों ने रंगोली, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ‘जल ही जीवन है’ का संदेश प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया। ग्राम में प्रभात फेरी और जल बंधन कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिससे समुदाय में एकता और जागरूकता का वातावरण बना।


