रतलाम में पुलिस की कॉलर पकड़ी- VIDEO:नशे में धुत ट्रैक्टर चालक और साथी ने किया हंगामा; महिलाओं ने भी की झूमाझटकी

रतलाम के रावटी में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने नशे में धुत ट्रैक्टर चालक और उसके साथी को पकड़ा, तो उन्होंने हंगामा कर दिया। बीच सड़क पर पुलिस और युवकों के बीच झूमाझटकी हुई। युवकों को बचाने आई दो महिलाएं भी पुलिस से भिड़ गईं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक सब इंस्पेक्टर (SI) की कॉलर पकड़े नजर आ रहा है। हालांकि, पुलिस ने मारपीट की बात से इनकार करते हुए सिर्फ शराब पीकर वाहन चलाने का केस दर्ज किया है। घटना मंगलवार की है। रावटी थाने के सब इंस्पेक्टर प्रेमसिंह हठिला और दो पुलिसकर्मी थाने के पास चेकिंग कर रहे थे। तभी तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली (MP 43 ZE 1628) को रोका गया। इसमें सवार चालक मुन्नालाल (26) पिता मांगू निवासी देवला और उसका साथी ईश्वर (19) पिता ओंकार गामड़ निवासी आमलीपाड़ा शराब के नशे में मिले। जब पुलिस उन्हें पकड़कर थाने ले जाने लगी, तो वे जाने को तैयार नहीं हुए। महिला ने युवक को चांटा भी मारा दोनों युवकों को पुलिस से छुड़ाने के लिए दो महिलाएं बीच में आ गईं और पुलिस को रोकने लगीं। इसी दौरान झूमाझटकी की नौबत आ गई। वीडियो में दिख रहा है कि खुद को छुड़ाने की कोशिश में एक युवक ने सब इंस्पेक्टर की वर्दी की कॉलर तक पकड़ ली। हंगामे के बीच एक महिला ने पुलिस से बदतमीजी कर रहे युवक को चांटा भी मारा और चुप रहने को कहा। लेकिन नशे में होने के कारण वे विवाद करते रहे। आखिर में पुलिसकर्मी उन्हें पकड़कर थाने ले गए। टीआई बोले- जैसा वीडियो में दिख रहा, वैसा नहीं हुआ घटना के 3 से 4 वीडियो सामने आए हैं, जिसमें पुलिस के साथ झूमाझटकी और कॉलर पकड़ने जैसी हरकतें दिख रही हैं। लेकिन पुलिस ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया है। रावटी थाना प्रभारी सुरेश गडरिया ने कहा, “जैसा वीडियो में दिख रहा है, वैसा कुछ नहीं हुआ है। पुलिस के साथ किसी भी प्रकार से कोई झूमाझटकी नहीं हुई है। महिलाएं भी युवकों को समझा रही थीं। शराब के नशे में होने पर दोनों युवकों को पकड़कर थाने लाए और धारा 185 के तहत कार्रवाई कर केस दर्ज किया है। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है।”

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *