रविदास जयंती पर मानवता और समानता का दिया संदेश

बैकुंठपुर | मन चंगा तो कठौती में गंगा के पावन संदेश के साथ रविदास समाज जनकल्याण सरगुजा संभाग के तत्वावधान में संभाग स्तरीय संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती समारोह का भव्य आयोजन कोरिया जिले के बैकुंठपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम खांडा में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन व श्रद्धालु उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ भगवान गौतम बुद्ध, संत शिरोमणि गुरु रविदास और संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों व समाजजनों ने संत रविदास जी के जीवन, उनके विचारों व सामाजिक समरसता के संदेश पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी मानवीय प्रेम, करुणा और मानव समानता के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने जाति, भेदभाव और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर समाज को एकता और भाईचारे का मार्ग दिखाया। मन चंगा तो कठौती में गंगा का संदेश आत्मशुद्धि और सद्कर्म की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थितजनों ने संत रविदास जी के दिखाए मार्ग पर चलने, उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने और सामाजिक समानता, सद्भाव और मानवता को मजबूत करने का संकल्प लिया। समारोह ने समाज में सकारात्मक सोच, आपसी सौहार्द और समरसता का संदेश दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *