राजगढ़ में ‘कॉलेज चलो’ अभियान के तहत पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में सोमवार को एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में उच्च शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस दौरान महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. वी.बी. खरे के निर्देशन में पहुंचे एक दल ने छात्रों को विभिन्न उच्च शिक्षा विकल्पों की जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्नातक (बीए, बीकॉम, बीएससी) और स्नातकोत्तर (एमए, एमकॉम, एमएससी) स्तर पर उपलब्ध पाठ्यक्रमों के बारे में बताया गया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत उच्च शिक्षा में हुए बदलावों, कौशल आधारित पाठ्यक्रमों और करियर के नए विकल्पों पर भी प्रकाश डाला गया। दल के सदस्यों ने मध्यप्रदेश शासन की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इनमें ‘गांव की बेटी’, ‘प्रतिभा किरण’, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री मेधावी छात्र योजना, एससी-एसटी-ओबीसी छात्रवृत्ति, सेंट्रल सेक्टर स्कॉलरशिप और आवास भत्ता सहायता शामिल थीं। निशुल्क पुस्तक व स्टेशनरी सुविधा के बारे में भी बताया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की शैक्षणिक और भौतिक सुविधाओं का भी प्रस्तुतीकरण किया गया। विद्यार्थियों को योग्य फैकल्टी, आधुनिक प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, खेल सुविधाएं, छात्रावास, करियर मार्गदर्शन, प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग और प्लेसमेंट गतिविधियों से अवगत कराया गया। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित सावधानियों पर भी मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका दल सदस्यों ने सरल भाषा में समाधान किया। इस आयोजन में केंद्रीय विद्यालय की प्राचार्य सुश्री रोमा सांखला और विद्यालय स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।


