राजगढ़ में फिर लौटी कड़ाके की ठंड:सुबह से बादल और सर्द हवाएं, दो दिन में 4 डिग्री गिरा तापमान

वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने से राजगढ़ जिले में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। बुधवार सुबह से राजगढ़, खिलचीपुर सहित जिले के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहे और तेज सर्द हवाएं चलती रहीं। मौसम में आए इस बदलाव से ठंड का असर अचानक बढ़ गया, जिससे जनजीवन प्रभावित नजर आया। बीते दो दिन में 4.2 डिग्री गिरा पारा
बीते दो दिनों में जिले के न्यूनतम तापमान में करीब 4.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस था, जो मंगलवार को घटकर 11 डिग्री और बुधवार को 8.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सिर्फ 24 घंटे में ही तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को जिले के कई इलाकों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश हुई थी। बारिश के बाद से ठंडी हवाएं चलने लगीं, जो बुधवार सुबह भी जारी रहीं। ठंड के कारण सुबह घर से निकलने वाले लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए, वहीं मजदूर वर्ग और राहगीरों ने अलाव का सहारा लिया। कुछ दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने जिले के लिए अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि आने वाले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। रात और सुबह के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा, जबकि तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। मौसम में आए इस बदलाव का असर फसलों पर भी पड़ सकता है। बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है, जिससे कुछ फसलों को फायदा हो सकता है, लेकिन अधिक ठंड और नमी से तैयार फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई जा रही है। मौसम विभाग ने लोगों से बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *