राजस्थान में सौर ऊर्जा का बड़ा धमाका:5 साल में 5 लाख करोड़ के प्रोजेक्ट, 74% किसानों को दिन में बिजली

राजस्थान ने सौर ऊर्जा उत्पादन और अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में देश में पहला स्थान हासिल कर लिया है। यह जानकारी राज्य के ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर ने बूंदी में आयोजित मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव कार्यक्रम में दी। मंत्री नागर ने बताया कि ऊर्जा क्षेत्र में राज्य ने अभी तक ढाई लाख करोड़ रुपए से अधिक के समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। आगामी पांच वर्षों में 5 लाख करोड़ रुपए के नए प्रोजेक्ट्स पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास के लिए ऊर्जा सबसे महत्वपूर्ण है और राज्य इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। किसानों के लिए एक बड़ी उपलब्धि की बात करते हुए मंत्री ने बताया कि वर्तमान में राज्य के 74 प्रतिशत किसानों को दिन के समय बिजली की आपूर्ति की जा रही है। शेष किसानों को भी दिन में बिजली उपलब्ध कराने के लिए सिस्टम को और बेहतर बनाया जा रहा है। यह कार्य आगामी रबी सीजन तक पूरा कर लिया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वर्चुअल रूप से जुड़े और नव नियुक्त कार्मिकों से संवाद किया। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों से सौर ऊर्जा क्षेत्र में 5 हजार मेगावाट का लक्ष्य मिला है। यह कार्य जल्द की धरातल पर उतरेंगे। उन्होंने कहा कि 17 हजार मेगावाट के सौर ऊर्जा संयत्रों को स्थापित करने का कार्य शुरू किया जा चुका है। भारत को विश्व गुरू बनाने में भागीदार बने युवा
ऊर्जा राज्यमंत्री ने कहा कि नवनियुक्त युवा समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा के भाव के साथ कार्य करें, जिससे हमारा प्रदेश आगे बढे़। उन्होंने कहा कि युवा विकसित राष्ट्र की संकल्पना को साकार करने के लिए कार्य करते हुए भारत को विश्व गुरू बनाने में भागीदार बनें। सभी नवनियुक्त युवा उन्हें मिले अवसर को प्रदेश के विकास में काम में लेने का प्रयास करें, ताकि प्रदेश आगे बढे। उन्होंने कहा कि राजस्थान के चहुंमुखी विकास के लिए राज्य सरकार तेजी से कार्य कर रही है। राइजिंग राजस्थान में हुए एमओयू से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। नवनियुक्त कार्मिकों को प्रदान किए वेलकम किट एवं नियुक्ति-पत्र
कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों में नव नियुक्त कार्मिकों को वेलकम किट एवं नियुक्ति-पत्र प्रदान किए। इनमें नवनियुक्त कार्मिकों में पुलिस विभाग के 133, चिकित्‍सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 118, शिक्षा विभाग के 2, राजस्व के 3 तथा वित्त विभाग के 47 कार्मिकों शामिल है। विकास कार्यों के हुए लोकार्पण-शिलान्यास
कार्यक्रम से वर्चुअली जुडे मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने बूंदी जिले में सडक, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, विद्युत विकास के कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास किए।
मुख्यमंत्री ने 10 करोड़ 45 लाख रूपए की लागत से मरडिया, भीया और डाबी में 33/11 केवी सबस्टेशनों, रायथल गांव में 76.96 लाख रूपए की लागत से ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट, 55 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित उपस्वास्थ्य केन्द्र रामी की झौपडिया के नवीन भवन, 476 लाख रुपए की लागत से मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह (वृद्ध, बेघर, एवं निराश्रित गृह) तथा पीएबी, पीएमश्री योजनान्तर्गत विद्यालय सुदृढीकरण व सोलर पैनल के 26 कार्यों का लोकार्पण किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पीएम कुसुम योजनान्तर्गत जिले में 72 करोड़ लागत से 20 मेगावाट से अधिक क्षमता के 7 सौर ऊर्जा संयंत्रों, 62.67 करोड की लागत के क्षतिग्रस्त पुलियाओं तथा सड़कों की स्थायी मरम्मत कार्य, पीएमश्री तथा पीएबी 2024-25 योजनान्तर्गत स्कूल सुदृढ़ीकरण के 4 कार्याे का शिलान्यास भी किया।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा, जिला पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र कुमार मीणा, नगर परिषद सभापति सरोज अग्रवाल, जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर सुदर्शन सिंह तोमर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उर्मा शर्मा, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता इन्द्रजीत मीणा, जिला कोषाधिकारी अंजनी कुमार शर्मा, विद्युत विभाग के एसई केके शुक्ला, महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक भैरूप्रकाश नागर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक राजाराम मीणा, तहसीलदार अर्जुनलाल मीणा सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भूपेन्द्र शर्मा ने किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *