राजा वड़िंग ने बीजेपी-आप पर साधा निशाना:रोपड़ से शुरू किया 5 करोड़ हस्ताक्षरों का अभियान, बोले- पंजाब की आवाज बनेगी कांग्रेस

कांग्रेस नेता राजा वड़िंग ने भाजपा और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने कई राज्यों में वोट चोरी और धांधली कर सत्ता हासिल की है। वड़िंग ने दावा किया कि यदि कांग्रेस को 31 हजार अतिरिक्त वोट मिलते तो उसे 25 सीटें और मिल जातीं, जिससे नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बन पाते। वड़िंग ने बताया कि राहुल गांधी ने वोट चोरी के खिलाफ ‘5 करोड़ हस्ताक्षरों का अभियान’ शुरू किया है। इस अभियान की शुरुआत रोपड़ से की गई है। इसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर पर लोगों से फॉर्म भरवाकर चुनाव आयोग तक पहुंचाएंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई स्थानों पर मृतकों और नाबालिगों के नाम पर भी वोट बनाए जा रहे हैं, जो चुनाव प्रक्रिया में बड़ी गड़बड़ी का संकेत है। पंजाब की आप सरकार पर बोला हमला पंजाब की मौजूदा सरकार पर हमला बोलते हुए वड़िंग ने कहा कि यह सरकार जनता की समस्याओं से ध्यान भटका रही है और टैक्स तथा पैसों की लूट में लगी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और पंजाब सरकार दोनों मिलकर राज्य की जनता को गुमराह कर रहे हैं। वड़िंग ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फंड (SDRF) का 12 हजार करोड़ रुपए का फंड अन्य जगहों पर डायवर्ट कर दिया गया है, जबकि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है। उन्होंने जोर दिया कि पंजाब को सबसे पहले आर्थिक संकट से बाहर निकालना होगा। वड़िंग के अनुसार, जब तक राज्य की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं होगी, तब तक नशे और गैंगस्टर जैसी समस्याओं पर काबू पाना मुश्किल होगा। उन्होंने दावा किया कि युवाओं को रोजगार मिलने से वे नशे और अपराध से दूर रहेंगे। राजा वड़िंग ने अंत में कहा कि कांग्रेस पंजाब की आवाज बनेगी और जनता को जागरूक करने के लिए इस अभियान को राज्य के हर कोने तक पहुंचाया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *