भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के प्रांतीय आह्वान पर जिला कलेक्ट्रेट पर 11 सूत्रीय मांग-पत्र पर कार्यवाही को लेकर संकल्प सिद्धि एवं सद्बुद्धि यज्ञ किया गया। महासंघ के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार कलवानिया व जिला मंत्री राधेश्याम यादव के नेतृत्व में कर्मचारियों ने यज्ञ में आहुतियां दी। कलवानिया ने बताया कि कलेक्ट्रेट के सामने महासंघ द्वारा राज्य कर्मचारियों से जुड़े सात संकल्प पदोन्नति विसंगति दूर कराना एवं 8, 16, 24, 32 वर्षीय चयनित वेतनमान लागू कराने, वेतन विसंगति दूर कराने एवं केन्द्र के समान वेतनमान लागू कराने, पुरानी पेंशन योजना की सुरक्षा सुनिश्चित कराने, संविदा एवं मानदेय पर लगे कार्मिकों का नियमितीकरण कराने, पारदर्शी स्थानांतरण नीति जारी कराने एवं तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण कराने, विभिन्न विभागों, निगम एवं बोर्डों को समाप्त कर किए जा रहे निजीकरण को बंद कराने, कर्मचारियों के मान सम्मान एवं स्वाभिमान की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की गई। इस अवसर पर महासंघ के प्रवक्ता रविंद्र शर्मा, तहसील अध्यक्ष सविता कूकना, राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत के भूप सिंह कूकणा, सुरेंद्र टोकसिया, मनोहर सिहाग, सविता कूकणा, कृषि पर्यवेक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अनिल फूलभाटी, शाखा अध्यक्ष चरणदास नायक, किरण, कृषि स्नातक संघ के शाखाध्यक्ष भूपेंद्र खैरवा, दाताराम मटोरिया, राजस्थान पशु चिकित्सा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष गणेश सिंह सहित घटक संगठनों के पदाधिकारी व सदस्य शामिल हुए।


