मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को कोलकाता में आयोजित बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट में उद्यमियों व निवेशकों को झारखंड आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। आप निवेश करें, ताकि झारखंड का भी तेजी से विकास हो। उन्होंने कहा कि जिस तेजी से आज तकनीक बदल रही है, उसमें विकसित राष्ट्र निर्माण के लिए राज्यों के बीच बेहतर संबंध व भागीदारी जरूरी है। इसके बाद सीएम ने मेला प्रांगण में झारखंड पवेलियन का उद्घाटन किया। एडवांटेज झारखंड कार्यक्रम में उद्यमियों व निवेशकों ने झारखंड में लगभग 26 हजार करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के सामने रखा। आपको हमारा और हमें आपका साथ चाहिए: हेमंत मुख्यमंत्री ने निवेशकों से कहा कि झारखंड में खनिज संसाधनों की प्रचुरता के साथ कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां निवेश किया जा सकता है। इसके लिए जिस तरह आपको हमारा साथ चाहिए, वैसे ही हमें आपका साथ चाहिए। टेक्सटाइल एसोसिएशन ऑफ झारखंड व बंगाल में टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े उद्यमियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर झारखंड में निवेश की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि झारखंड में टेक्सटाइल क्षेत्र में निवेश की काफी संभावनाएं हैं । मुख्यमंत्री ने कहा किटेक्सटाइल उद्योग को बढ़ाना देने के लिए सरकार जल्द ही नई पालिसी लेकर आएगी।


