राज्य स्तरीय महिला हॉकी चैंपियनशिप में नपा अध्यक्ष की अनदेखी:नपाध्यक्ष पति बोले- खानापूर्ति के लिए बस आमंत्रण भेजा, अतिथि बनाकर नहीं बुलाया

जिला हॉकी संघ द्वारा पहली बार राज्य स्तरीय सीनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप गुना में आयोजित की गई। 10 से 15 जनवरी तक इसका आयोजन हुआ। प्रतियोगिता नगरपालिका के संजय गांधी स्टेडियम पर खेली गई। इस प्रतियोगिता में आयोजकों द्वारा नगरपालिका अध्यक्ष की अनदेखी की गई। एक भी मैच में उन्हें नहीं बुलाया गया। बता दें कि जिले में पहली बार राज्य स्तरीय महिला हॉकी चैंपियनशिप आयोजित की गई। इसमें प्रदेश के 18 जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया। सभी मैच नॉक आउट मैच रहे। मंगलवार को दोनों सेमीफाइनल खेले गए। मंदसौर ने जबलपुर को 3-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, तो वहीं ग्वालियर ने भोपाल को 7-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं बुधवार को ग्वालियर और मंदसौर के बीच फाइनल मैच खेला गया। इसमें ग्वालियर में मंदसौर को 5-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। ये पूरी प्रतियोगिता संजय गांधी स्टेडियम स्थित एस्ट्रोटर्फ पर खेली गई। यह स्टेडियम नगरपालिका का है। इस टूर्नामेंट के आयोजकों में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस पार्षद शेखर वशिष्ठ मुख्य भूमिका में रहे। वह पूर्व हॉकी खिलाड़ी रहे हैं। इस टूर्नामेंट में नगरपालिका अध्यक्ष की अनदेखी की गई। किसी भी मैच में उनको नहीं बुलाया गया। जिस नगरपालिका के स्टेडियम में पूरा टूर्नामेंट हुआ, उस नगरपालिका के अध्यक्ष को ही टूर्नामेंट में नहीं बुलाया गया। उद्घाटन समारोह 10 जनवरी को हुआ। इस कार्यक्रम के कार्ड भी छपवाए गए थे। इस कार्ड के अनुसार समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर और SP थे। वहीं 15 जनवरी को टूर्नामेंट का समापन हुआ। समापन समारोह के भी कार्ड छपवाए गए। इसके मुख्य अतिथि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के बेटे अशोक ध्यानचंद रहे। वहीं अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़ ने की। आयोजकों ने किसी भी मैच में नगरपालिका अध्यक्ष को बुलाना उचित नहीं समझा। नगरपालिका अध्यक्ष को केवल उद्घाटन कार्यक्रम का आमंत्रण देकर खानापूर्ति कर ली गई। नपाध्यक्ष पति अरविंद गुप्ता ने बताया कि केवल कार्यक्रम का आमंत्रण दिया गया था। किसी भी मैच में अतिथि बनाकर नहीं बुलाया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *