भास्कर संवाददाता | राजगढ़ जयपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार रात करीब 10 बजे चलती हुई कार में अचानक आग लग गई। हालांकि कार में सवार लोगों ने आग भड़कते देख तत्परता दिखाई और कार रोक कर कूद कर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने भीषण रूप ले लिया, काफी ऊंचाई तक लपटें उठी और करीब 20 मिनट में देखते ही देखते पूरी कार जलकर खाक हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया, क्योंकि कार में आग लगने से राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। नगर पालिका के फायर वाहन ने आग पर बाद में काबू पाया, लेकिन तब तक कार जलकर पूरी तरह से नष्ट हो गई थी।


