दमोह तहसील ग्राउंड के पास स्थित रानी दमयंती संग्रहालय का जीर्णोद्धार कार्य 20 करोड़ रुपए की लागत से चल रहा है। मंगलवार दोपहर पर्यटन विभाग के आर्किटेक्ट और दमोह कलेक्टर सुधीर कोचर ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ऐतिहासिक किले का जीर्णोद्धार यह ऐतिहासिक किला, जिसे रानी दमयंती का किला भी कहा जाता है, लंबे समय से जीर्ण-शीर्ण स्थिति में था। पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह के प्रयासों से इसके सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार का कार्य शुरू किया गया है। कलेक्टर सुधीर कोचर ने बताया कि पर्यटन मंत्री ने चल रहे कार्यों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में आज पर्यटन विभाग की टीम ने पूरे किले का दौरा कर कार्य प्रगति का जायजा लिया। कलेक्टर बोले- कार्य पूरा होने के बाद बढ़ेगी भव्यता कलेक्टर ने कहा कि जब यह जीर्णोद्धार और रंगाई-पुताई का कार्य पूरा हो जाएगा, तो किले की भव्यता और सुंदरता देखने लायक होगी। वर्तमान में यह धरोहर आम लोगों की नजरों से दूर है, लेकिन कार्य पूर्ण होने के बाद यह शहर का मुख्य पर्यटन स्थल बन जाएगा और लोगों का आकर्षण केंद्र बनेगा।


