प्रदीप राज|रामगढ़ कैंटोनमेंट बोर्ड ने रामगढ़ शहर में अत्याधुनिक कम्युनिटी हॉल(सामुदायिक भवन) बनाने की दिशा में पहल की है। इसे लेकर बोर्ड ने कम्युनिटी हॉल निर्माण के लिए प्रारूप प्रस्ताव तैयार किया है। बोर्ड जल्द ही इस प्रस्ताव को जिला प्रशासन को भेजेगा। ताकि, प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के साथ ही कम्युनिटी हॉल का निर्माण शुरू किया जा सके। कैंटोनमेंट बोर्ड ने रामगढ़ शहर की कम्युनिटी हॉल की कमी को दूर करने के लिए प्रस्ताव बनाया है।
क्योंकि, शहर की आबादी तेजी से बढ़ रही है। राजधानी रांची से रामगढ़ नजदीक होने के कारण कई वीआईपी मूवमेंट होते रहती है। ऐसे में शहर में कम्युनिटी हॉल नहीं होने के कारण कई परेशानी होती है। वहीं, कई सरकारी कार्यक्रम करने की व्यवस्था नहीं हो पाती है। अब, बड़े शहरों की तरह इस कम्युनिटी हॉल बनने से शहर के लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। कैंटोनमेंट बोर्ड ने अत्याधुनिक कम्युनिटी हॉल निर्माण में करीब 3 करोड़ खर्च का प्रस्ताव रखा है। इस खर्च से कम्युनिटी हॉल में सभी सुविधाएं उपलब्ध होगी। इसके लिए बोर्ड ने अपने कैंट हॉस्पिटल के बगल के पानी टंकी ग्राउंड में कम्युनिटी हॉल निर्माण के लिए जगह प्रस्तावित की है। बताया गया कि यह शहर के बीच में है,और यहां हॉल बनने से लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। रामगढ़ शहर अपने इतिहास में कई ऐतिहासिक यादें समेटे हुए है। रामगढ़ में 1940 में कांग्रेस के 53वें अधिवेशन में ही नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने महात्मा गांधी से अलग होकर देश की आजादी का बिगुल फूंका था। वहीं, रामगढ़ में पंजाब रेजिमेंटल सेंटर और सिख रेजिमेंटल सेंटर भी है। जबकि,दामोदर नदी के मुक्ति घाट में महात्मा गांधी का अस्थि कलश रखा गया है। हजारीबाग के पदमा राजा के शासन के समय का राजागढ़ का किला धरोहर है। इसलिए शहर में एक कम्युनिटी हॉल की जरूरत है। ताकि,दूसरे हॉल में कार्यक्रम के जरिए रामगढ़ के इतिहास को नई पीढ़ी को बताया जा सके।


