छोटी सादड़ी, प्रतापगढ़ जिले के ग्राम रामदेवजी के 26 परिवारों ने चरनोट भूमि को आबादी भूमि में बदलने और आवासीय पट्टे जारी करने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले 40-45 वर्षों से इस भूमि पर निवास कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया- उनके मकान ग्राम बरकटी की खसरा संख्या 289 स्थित चरनोट भूमि पर बने हुए हैं। उन्होंने कई बार ग्राम पंचायत में आवासीय पट्टों के लिए आवेदन किया, लेकिन अब तक किसी को भी पट्टा जारी नहीं किया गया है। हालांकि, ग्राम पंचायत द्वारा इन परिवारों को राशन कार्ड, पहचान पत्र, जनआधार, आधार कार्ड, जॉब कार्ड, पानी की ट्यूबवेल, नल कनेक्शन, सीसी सड़क, शौचालय और आवास योजना के तहत मकान जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। शमशान घाट की सुविधा भी दी गई है। ग्रामीणों ने बताया- उनके पास उक्त भूमि और बने मकानों के अलावा कहीं और आवासीय भूमि नहीं है, जिससे उनके परिवारों का जीवन यापन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इसी चरनोट भूमि पर कुछ भूमाफियाओं ने कब्जा कर खेत बना लिए हैं और कृषि कार्य कर रहे हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि उनकी दशकों पुरानी बस्ती को देखते हुए चरनोट भूमि को आबादी भूमि में परिवर्तित किया जाए। उन्होंने सभी पात्र परिवारों को आवासीय पट्टे जारी करने की मांग की है, ताकि उन्हें स्थायी आवास का अधिकार मिल सके।


