राम केवल एक नाम नहीं बल्कि परब्रह्म का साक्षात स्वरूप: अश्वनी बेदी महाराज

भास्कर न्यूज | लुधियाना श्री राम पार्क स्थित श्री राम शरणम् के सानिध्य में आयोजित 71वें राम नाम अखंड जप महायज्ञ के 21 दिवसीय आध्यात्मिक अनुष्ठान का रविवार को समापन होने जा रहा है। भक्ति और श्रद्धा के इस महाकुंभ का समापन समारोह आर्य कॉलेज लड़कों का सिविल लाइन्स में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित किया जाएगा। समापन समारोह के अवसर पर विशेष आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे अखंड ज्योति को श्री राम शरणम्, श्री राम पार्क, बसंत रोड से लेकर आर्य कॉलेज ब्वॉयज में स्थापित किया जाएगा। इस दौरान भारी संख्या में श्रद्धालुओं शामिल होंगे जो राम नाम के जयघोष के साथ ज्योति को मुख्य कार्यक्रम स्थल तक ले जाएंगे। पिछले 21 दिनों से अनवरत चल रहे इस जाप के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संत अश्वनी बेदी महाराज ने कहा कि स्वामी सत्यानंद महाराज ने राम नाम को मोक्ष का सरलतम मार्ग बताया है। उन्होंने संबोधन में कहा कि राम केवल एक नाम नहीं बल्कि परब्रह्म का साक्षात स्वरूप है। इसके निरंतर जाप से न केवल जन्म-मृत्यु के चक्र से मुक्ति मिलती है। बल्कि यह मानसिक तनाव, चिंता और नकारात्मकता को समूल नष्ट कर देता है। महाराज ने जोर देते हुए कहा कि राम नाम का जाप एक सरल समाधि है। जो मनुष्य की मानसिक, शारीरिक और सांसारिक बाधाएं का नाश करती है। ऋद्धि-सिद्धि और नव-निधान दाता राम है। सब सुख-खान की पंक्तियों के माध्यम से उन्होंने स्पष्ट किया कि भगवान राम ही समस्त ऐश्वर्य और सुखों के एकमात्र स्रोत हैं। इस यज्ञ अनुष्ठान में गायत्री गुप्ता, चेयरमैन केशव वर्मा, पार्षद कंवलजीत सिंह सचदेवा, राजीव टंडन और दिल्ली-अमृतसर से आए विशिष्ट अतिथियों सहित भारी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *