छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। जबकि एक युवक घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस दोनों मामलों में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पहली घटना भूपदेवपुर थाना क्षेत्र की है। जहां सक्ती के ग्राम घिवरा में रहने वाला नरेश कुमार (30) और उसका साथी कन्हैया कश्यप किसी काम से बाइक पर सवार होकर रायगढ़ आए थे। गुरुवार की रात में दोनों वापस अपने घर जा रहे थे। तभी एनएच 49 रोड पर कांशीचुंआ के पास ब्रेकडाउन खड़ी ट्रक से बाइक टकरा गई। इस हादसे में बाइक चला रहा नरेश की मौके पर मौत हो गई। वहीं पीछे बैठा कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ लग गई और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाज के लिए घायल को पास के अस्पताल में भर्ती करवाया और मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पिकअप वाहन ने मारी टक्कर दूसरी घटना तमनार थाना क्षेत्र की है। जहां शोभाराम साव ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह जिंदल पावर प्लांट में काम करने जा रहा था। जब वह गेट नंबर 2 के पास पहुंचा था कि इसी दौरान सड़क हादसा हुआ। उसकी आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचा, तो उसने देखा कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिरा हुआ है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हुंकराडीपा की तरफ से आ रहे पिकअप के चालक ने बाइक सवार खीतेश साव को टक्कर मारा है। जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना पर पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।


