भास्कर न्यूज | अमृतसर रायन इंटरनेशनल स्कूल, अमृतसर ने क्रिसमस के अवसर पर एक विशेष आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया। चेयरमैन डॉ. एएफ पिंटो और प्रबंध निदेशक डॉ. ग्रेस पिंटो के मार्गदर्शन में स्कूल के विद्यार्थियों ने सेंट मदर टेरेसा मिशनरीज ऑफ चैरिटी का दौरा किया। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य छात्रों में करुणा, सहानुभूति और निस्वार्थ सेवा जैसे नैतिक मूल्यों को विकसित करना था। विद्यार्थियों ने वहां रह रहे जरूरतमंद लोगों के साथ समय बिताया, उन्हें क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं और उपहार व जरूरी सामान भेंट किया। प्रिंसिपल कंचन मल्होत्रा ने बताया कि इस गतिविधि का मकसद छात्रों को समाज के वंचित वर्ग की जरूरतों के प्रति संवेदनशील बनाना है। यह पहल क्रिसमस की वास्तविक भावना ‘बिना किसी अपेक्षा के दूसरों की सेवा करना’ को जीवंत करती है। इस अनुभव ने छात्रों को शेयरिंग और ग्रैटिट्यूड के महत्व को समझने में मदद की। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, रायन ग्रुप शिक्षा के साथ-साथ छात्रों को जिम्मेदार और दयालु वैश्विक नागरिक बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करता है। कार्यक्रम का समापन विश्व शांति और सार्वभौमिक भाईचारे के संदेश के साथ हुआ।


