रायपुर में दिनदहाड़े महिला से सोने की कंठी लूटी:विरोध करने पर ब्लेड से किया हमला, बाइक सवार बदमाश सीसीटीवी में कैद

रायपुर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक वृद्ध महिला से लूट की वारदात सामने आई। कुंडाल और लकी तालाब के बीच कृषि कार्य के लिए जा रही महिला को दो बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। वे महिला के गले से सोने की कंठी लूटकर फरार हो गए। यह पूरी घटना पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला दोपहर में खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो बदमाश उसके पास पहुंचे और रास्ता पूछने के बहाने उसे रोका। बातचीत के दौरान बदमाशों ने अचानक महिला के गले में पहनी सोने की कंठी तोड़ने का प्रयास किया। महिला ने विरोध किया और आभूषण बचाने का प्रयास किया। इस पर बदमाशों ने धारदार ब्लेड से उसके हाथ और चेहरे के पास वार किया, जिससे वह चोटिल हो गई। हमले के दौरान महिला के कपड़े भी फट गए। लगातार हमले और डर के कारण महिला ने हिम्मत हार दी, जिसके बाद बदमाश गले से सोने की कंठी तोड़कर मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना लक्की तालाब क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें बाइक सवार बदमाशों की गतिविधियां कैद हुई हैं। सूचना मिलने पर रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इससे पहले वृद्धा के परिजन घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी करवाई है। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित महिला के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण रायपुर थाना परिसर के बाहर एकत्रित हो गए। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की और क्षेत्र में बढ़ती लूट व चोरी की घटनाओं को लेकर आक्रोश व्यक्त किया। गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से रायपुर उपखंड में लूट, चोरी और डकैती की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है, जिससे आमजन में भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *